अफ़गानिस्तान के पू्र्वी प्रांत लोग़र के एक अस्पताल में हुए कार बम हमले में कम से कम 27 लोग मारे गए हैं और कई घायल हैं.
अधिकारियों का कहना है कि हमले में हताहत हुए लोगों में अस्पताल में काम करनेवाले चिकित्सक और नर्सें भी शामिल हैं.
स्थानीय अधिकारी कह रहे हैं कि मरनेवालों की तादाद और भी बढ़ सकती है क्योंकि बहुत सारे लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है.
कुछ लोग अपने रिश्तेदारों की लाशें पहले ही निकाल कर ले जा चुके हैं.
मरनेवालों की संख्या
हमले में मारे गए लोगों की संख्या को लेकर कुछ देर पहले तक अलग-अलग तरह की ख़बरें आ रहीं थीं.
पहले अधिकारियों का कहना था कि कम से कम 60 लोग मारे गए हैं और दर्जनों घायल हुए हैं, लेकिन उसके बाद उन्होंने कहा कि 20 से लेकर 60 लोग तक मारे गए हैं.
मारे जाने वालों में ज़्यादातर आम नागरिक हैं जबकि कुछ घायलों की हालत गंभीर है.
तालिबान ने इस धमाके में किसी तरह का हाथ होने की बात से इंकार किया है
तालिबान के एक प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि वे लोग सार्वजनिक स्थानों को निशाना नहीं बनाते और ये धमाका किसी और ने एक ख़ास एजेंडा के तहत किया है.
लेकिन बीबीसी पश्तो के संवाददाता सईद अनवर के मुताबक़ि जब कभी भी सुरक्षाकर्मियों या दूसरे सरकारी संस्थाओं पर हमले होते हैं तालिबान फ़ौरन उसकी ज़िम्मेदारी क़बूल कर लेते हैं लेकिन जब किसी धमाके में आम नागरिक मारे जाते हैं तो तालिबान इसकी ज़िम्मेदारी क़बूल नहीं करते.
सरकारी नियंत्रण
प्रांत के एक अधिकारी दीन मोहम्मद दरवेश ने कहा कि लोग़र प्रांत के ज़िला अज़रा में ये धमाका हुआ है.
उनके मुताबिक़ आत्मघाती हमलावर ने कार में विस्फ़ोटक रखा था और अंदेशा है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई लोग अभी भी मलबे में दबे हुए हैं.
दीन मोहम्मद के अनुसार इस धमाके का क्या उद्देश्य था इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है लेकिन इतना साफ़ है कि एक अस्पताल पर हमला हुआ है और आम नागरिक मारे गए हैं.
काबुल में बीबीसी संवाददाता बिलाल सरवरी का कहना है कि पाकिस्तानी सीमा के क़रीब स्थित अज़रा ज़िले में सरकारी नियंत्रण ना होने के बराबर है और यहां पर चरमपंथियों के अलावा स्मगलरों का भी वर्चस्व है.
इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि कुंदुज़ प्रांत मेंशुक्रवार की रात को एक बम धमाका हुआ था जिसमें दस लोग मारे गए थे.ये धमाके ऐसे समय में हो रहे हैं जब इसी सप्ताह बुधवार को अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अफ़ग़ानिस्तान से अमरीकी सैनिकों की वापसी की योजना की घोषणा की थी
No comments:
Post a Comment